डोंगरगढ़। शहर के बस स्टैंड स्थित SBI ATM बूथ में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक युवक कथित तौर पर हथौड़ी और छीनी लेकर ATM बूथ में घुसा और मशीन तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास करने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने संदिग्ध गतिविधि देख पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने युवक को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ बूथ में पहुंचा था। आरोप है कि उसने सबसे पहले वहां लगे CCTV कैमरे को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की, ताकि उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद उसने हथौड़ी और छीनी से ATM मशीन के कवर और दरवाजे वाले हिस्से पर वार करना शुरू कर दिया।
हालांकि, वह मशीन से रकम निकाल पाता, इससे पहले ही लोगों की नजर उस पर पड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।





