खरीफ सीजन 2026 में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और कृषि रसायन उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने उर्वरक और कीटनाशक विक्रय केंद्रों की जांच तेज कर दी है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अब तक बड़ी संख्या में विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया है। अनियमितता मिलने पर कई दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही बिक्री पर प्रतिबंध और जब्ती की कार्रवाई भी की गई है।

जिला प्रशासन और कृषि विभाग के मुताबिक जिले के पंजीकृत किसानों को उर्वरकों का शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है। वर्तमान में सहकारी समितियों में भी पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। किसानों को सही गुणवत्ता का कृषि आदान मिले, इसके लिए विभाग की टीमें लगातार विक्रय केंद्रों की निगरानी कर रही हैं।

94 उर्वरक केंद्रों की जांच, पांच में बिक्री पर रोक

कृषि विभाग ने अब तक जिले के 94 सहकारी और निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन और अन्य खामियां मिलने पर 30 केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं पांच विक्रय केंद्रों में उर्वरक की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।

इसी तरह पौध संरक्षण औषधि और कीटनाशक विक्रय केंद्रों की भी जांच की जा रही है। विभाग ने 21 केंद्रों का निरीक्षण किया, जिनमें अनियमितता मिलने पर आठ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बिना वैध दस्तावेज के कीटनाशक बेचते पाए जाने पर तीन केंद्रों में सामग्री जब्त करने के साथ बिक्री पर रोक लगाई गई है।

नियमों के तहत हो रही कार्रवाई

विभाग के अनुसार उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश-1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं कीटनाशक विक्रेताओं के मामले में कीटनाशी अधिनियम-1968 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

कृषि रसायनों की गुणवत्ता जांचने के लिए उर्वरक और कीटनाशकों के नमूने लेकर प्रयोगशालाओं में भेजे जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि किसानों तक गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री पहुंचाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

किसानों को अधिकृत दुकानों से खरीदी की सलाह

कृषि विभाग के मैदानी अधिकारी किसानों को मौसम के अनुसार नैनो उर्वरकों के उपयोग, संतुलित खाद प्रबंधन और समन्वित कृषि पद्धति की जानकारी भी दे रहे हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि खाद, बीज और कीटनाशक केवल पंजीकृत संस्थानों और अधिकृत विक्रय केंद्रों से ही खरीदें।

विभाग ने किसानों से उपज बढ़ाने के नाम पर किए जाने वाले भ्रामक प्रचार और अवैध तरीके से कृषि सामग्री बेचने वालों से सावधान रहने की अपील की है। खासकर डोर-टू-डोर खाद या कीटनाशक बेचने वालों से खरीदारी न करने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कृषि विभाग के अधिकारियों को देने को कहा गया है।