बलौदाबाजार। भाटापारा शहर में 80 वर्षीय वृद्धा से मंगलसूत्र लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि वारदात की साजिश पीड़िता के सगे भतीजे ने अपनी प्रेमिका और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, घटना 25 जून की है। नयापारा वार्ड निवासी 80 वर्षीय हीराबाई ध्रुव अपने घर में अकेली रहती हैं और वृद्धावस्था पेंशन के सहारे जीवनयापन करती हैं। आरोपियों ने पहले उनसे संपर्क कर खुद को उनके एक रिश्तेदार के अस्पताल में भर्ती परिचित का पड़ोसी बताया। बातचीत के दौरान उन्होंने वृद्धा का विश्वास जीत लिया।

इसके बाद आरोपी उन्हें बहाने से बोडतरा रोड स्थित एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर भाटापारा शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध गोलू उर्फ अजय ध्रुव की पहचान हुई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात का मुख्य आरोपी टेकूराम ध्रुव, जो पीड़िता का सगा भतीजा है, ने अपनी प्रेमिका सरिता निषाद तथा साथी सागर मरकाम और गोलू उर्फ अजय ध्रुव के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी। योजना के तहत पहले वृद्धा का भरोसा जीता गया और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 9.980 ग्राम वजनी सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.05 लाख रुपये है, बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के निवासी हैं। उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।