भिलाई। नेहरू नगर चौक स्थित ढिल्लन होटल के सामने शनिवार देर रात चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। लिफ्ट लेने के लिए स्कूटी सवार युवकों को रोकने पर हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान कैंप-1, सुभाष चौक निवासी शिव कुमार सिंह (26), पिता अवधेश सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शिव कुमार चिचोला में दुकान चलाता था। वह अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। यहां से उसे चिचोला जाना था।

लिफ्ट के लिए रोकी स्कूटी, शुरू हो गया विवाद

बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे शिव कुमार चिचोला जाने के लिए किसी वाहन से लिफ्ट लेने की कोशिश कर रहा था। उसने पहले एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक नहीं रुका। इसके बाद उसने वहां से गुजर रही एक स्कूटी को रोक दिया। स्कूटी पर दो युवक और एक युवती सवार बताए जा रहे हैं।

स्कूटी रोकने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर स्कूटी सवार एक युवक ने कथित तौर पर शिव कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसकी बाईं जांघ के ऊपरी हिस्से में लगा और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

वारदात के बाद अंडरब्रिज की ओर भागे हमलावर

हमले के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात में शामिल लोगों के दो स्कूटी पर सवार होकर नेहरू नगर चौक के नीचे से अंडरब्रिज होते हुए टाउनशिप की ओर भागने की बात सामने आई है। शिव कुमार के साथ मौजूद उसका दोस्त वाहनों का नंबर नहीं देख सका।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिव कुमार को इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बाद में शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही सुपेला पुलिस

युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। सुपेला पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपितों और उनके वाहनों की पहचान की जा सके। पुलिस ने अपराध दर्ज कर फरार आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।