रायपुर। राजधानी रायपुर में 13 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने से इलाके में चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी किशोरों की धमकी के चलते बालिका लंबे समय तक खामोश रही। करीब एक महीने बाद तबीयत खराब होने पर उसने परिजनों को अपनी आपबीती बताई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
सहेली के घर पहुंची थी छात्रा
मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा अपनी सहेली से मिलने उसके घर पहुंची थी। उस समय सहेली घर पर मौजूद नहीं थी। घर में उसके भाई समेत एक अन्य किशोर मौजूद था।
आरोप है कि दोनों किशोरों ने छात्रा को अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद उसे किसी को भी इस बारे में बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
डर के कारण किसी को नहीं बताई घटना
घटना के बाद बालिका मानसिक दबाव और डर के कारण चुप रही। करीब एक महीने बाद अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसे चक्कर आने की शिकायत हुई। इस दौरान मां ने जब उससे परेशानी की वजह पूछी तो उसने पूरी घटना की जानकारी दी।
बेटी की आपबीती सुनकर परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दोनों नाबालिगों को पकड़ा
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान दो किशोरों को हिरासत में लिया गया। उनकी उम्र 14 और 16 वर्ष बताई जा रही है। दोनों को बाल न्यायालय में पेश करने के बाद बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। नाबालिग पीड़िता की सुरक्षा और पहचान की गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।





