रायगढ़, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दोस्त की मदद करना एक युवक को भारी पड़ गया। खरसिया क्षेत्र में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बिलासपुर और नागपुर में छिपते रहे। पुलिस ने मामले में एक आरोपी फहीम अख्तर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि उसका साथी फैज खान अब भी फरार है।

बीच-बचाव करने पहुंचा तो कर दिया हमला

जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को खरसिया के नया बस स्टैंड के पास ईशान पेशवानी का फैज खान और फहीम अख्तर से विवाद हो रहा था। ईशान ने अपने परिचित अजय राजपूत (25) को फोन कर मौके पर बुलाया। अजय दोनों पक्षों को समझाने पहुंचा, लेकिन विवाद शांत होने के बजाय और बढ़ गया।

आरोप है कि दोनों युवकों ने अजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। वह बचने के लिए भागा तो आरोपियों ने उसका पीछा किया। इस दौरान फहीम ने उसे पकड़ लिया और फैज ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की तलाश

घटना के बाद घायल अजय को खरसिया के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

फरारी काटकर लौटते ही पुलिस ने दबोचा

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग स्थानों पर छिपते रहे। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने बिलासपुर और नागपुर में भी ठिकाने बदले। इसी बीच फहीम के खरसिया लौटने की सूचना पुलिस को मिली।

चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर हनुमान चौक निवासी फहीम अख्तर (23) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस अब फरार आरोपी फैज खान की तलाश में जुटी है।