कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कटघोरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
ढाबे के पास रुकी थी बस, अचानक हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस में करीब 35 लोग सवार थे। रविवार, 15 नवंबर की तड़के लगभग तीन बजे बरपाली स्थित अनूप ढाबा के पास बस को यात्रियों की सुविधा के लिए रोका गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे गेहूं लदे ट्रेलर ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो यात्रियों की मौत से मचा कोहराम
हादसे में जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी संजीव लकड़ा (34) और गरियाबंद जिले के देवभोग निवासी खीर सिंधु प्रधान (40) की जान चली गई। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।
घायलों का उपचार जारी, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश के साथ हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।





