जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शिकायत सामने आने के बाद भाजपा नेत्री पूजा राठौर को महिला थाने के काउंसलर पद से हटा दिया गया है। इस कार्रवाई से नाराज भाजपा नेत्री ने अपनी बहाली की मांग करते हुए दो दिनों के भीतर फैसला नहीं होने पर भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
नौकरी दिलाने का झांसा देकर रकम लेने का आरोप
मामले में रायपुर के तेलीबांधा निवासी श्रवण गुप्ता ने पुलिस से शिकायत की है। उनका आरोप है कि पूजा राठौर ने नौकरी लगवाने के बदले तीन लाख रुपये मांगे थे। उन्होंने दो लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया, लेकिन नौकरी नहीं मिली। शिकायतकर्ता के अनुसार, रकम वापस नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के बाद काउंसलर पद से हटाया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शिकायत की जांच शुरू कर दी है। इसी बीच पूजा राठौर को महिला थाने के काउंसलर पद से हटा दिया गया। पुलिस के अनुसार, जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
बहाली की मांग पर अड़ीं भाजपा नेत्री
पद से हटाए जाने के बाद पूजा राठौर ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने जांच पूरी होने से पहले पद से हटाए जाने पर आपत्ति जताई और दोबारा नियुक्ति की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर बहाली नहीं हुई तो वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने भूख हड़ताल करेंगी।
पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
डीएसपी सतरूपा तारम के अनुसार, नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने संबंधी शिकायत की जांच की जा रही है। जांच प्रभावित न हो, इसलिए काउंसलर पद से हटाने की कार्रवाई की गई है।
फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।





