रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खरसिया थाना क्षेत्र के बोतल्दा रॉक गार्डन में घूमने पहुंची 20 वर्षीय युवती के साथ दो युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले युवती के प्रेमी पर डंडे से हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद लूटपाट की और युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेमी के साथ घूमने गई थी युवती
मिली जानकारी के अनुसार, युवती अपने प्रेमी के साथ रॉक गार्डन घूमने पहुंची थी। इसी दौरान दो युवक वहां आए और दोनों को धमकाने लगे। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और डंडे से हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
वीडियो बनाकर धमकाने का भी आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने वारदात के दौरान वीडियो भी बनाया था। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पकड़े दोनों आरोपी
शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डंडा, मोबाइल फोन और लूट की रकम बरामद करने की जानकारी दी है।
मोबाइल में मिले अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से संबंध तो नहीं है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





