राजिम। गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पितईबंद में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तम भारती के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर लोहे की रॉड जैसे भारी वस्तु से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। इसके आधार पर पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, युवक का शव उसके घर के सामने ही शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास से साक्ष्य एकत्र किए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।