रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली। जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके प्रेमी ने ही की थी। आरोपी को अपनी प्रेमिका के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते उसने सुनसान जगह पर ले जाकर पहले उसका मुंह दुपट्टे से बंद किया, फिर उसी दुपट्टे से गला घोंट दिया। हत्या के बाद मौत की पुष्टि करने के लिए उसने युवती का सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया और मौके से फरार हो गया।
यह कार्रवाई खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त जांच के बाद संभव हो सकी।
पानी से भरे खेत में मिला था युवती का शव
पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त 2026 को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवती के गले पर दबाव और चोट के निशान मिलने के बाद मामला संदिग्ध लगा। बाद में शव की पहचान सिया रेसिडेंसी, एमएमआई अस्पताल के पीछे रहने वाली नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन (19) के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रेमी पर गया शक, पूछताछ में टूटा आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिवार, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ की। इसी दौरान परिजनों ने नंदिनी के प्रेमी करण तांडी (23) निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर पर संदेह जताया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पूछताछ के बाद उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोनों की दोस्ती
आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब चार वर्ष पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी नंदिनी से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और कुछ समय तक साथ भी रहे। बाद में युवती अलग रहने लगी, जिससे आरोपी उसके चरित्र पर संदेह करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
सुनसान जगह पर ले जाकर की वारदात
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की शाम नंदिनी सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र में करण से मिलने पहुंची थी। आरोपी उसे सुनसान स्थान पर ले गया और अन्य युवकों से संबंध होने का आरोप लगाने लगा। जब युवती ने आरोपों से इनकार किया तो वह आपा खो बैठा। उसने पहले युवती के मुंह में दुपट्टा ठूंस दिया, फिर उसी दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पानी से भरे खेत में छोड़कर फरार हो गया।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी करण तांडी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य अदालत में प्रस्तुत किए जाएंगे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि व्यक्तिगत विवाद या रिश्तों में मतभेद होने पर कानून का सहारा लें। हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से बने संबंधों में सतर्कता बरतने की भी सलाह दी गई है।





