रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो से करीब 5 क्विंटल गांजा बरामद होने की बात सामने आई है। खास बात यह है कि संदिग्ध वाहन पर सबसे पहले मोहल्लेवासियों की नजर पड़ी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन समेत गांजा जब्त कर लिया। वहीं स्कॉर्पियो चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।
नाली में फंसी स्कॉर्पियो तो हुआ शक
जानकारी के मुताबिक सुबह महासमुंद पासिंग की सफेद स्कॉर्पियो (CG 06 HE 9900) मोहल्ले की एक नाली में फंस गई थी। इस दौरान चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। वाहन की जांच के दौरान उसमें बड़ी मात्रा में गांजा होने की बात सामने आई।
इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। बरामद गांजे की मात्रा करीब 5 क्विंटल बताई जा रही है, जिसकी कीमत लाखों रुपये होने का अनुमान है।
पुलिस ने गांजा और स्कॉर्पियो किया जब्त
सूचना मिलने के बाद डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया। वाहन में मिले गांजे को भी जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
इस बीच वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इतनी बड़ी मात्रा में गांजा राजधानी तक पहुंचने के बाद तस्करी के नेटवर्क को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस वाहन के पंजीयन और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने के साथ पूरे नेटवर्क की कड़ी तलाशने में जुटी है।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस खेप के पीछे कितने लोग शामिल थे और गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी।





