बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना को लेकर आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में उच्च न्यायिक सेवा के अधिकारियों के साथ सिविल जज जूनियर डिवीजन की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है। आदेश हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल राजनीश श्रीवास्तव के हस्ताक्षर से जारी हुआ है। संबंधित अधिकारियों को नई जगह कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से नई जिम्मेदारी संभालनी होगी।
दीपक कुमार देशलहरे को जशपुर भेजा
जारी आदेश के मुताबिक, छत्तीसगढ़ शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर पदस्थ न्यायाधीश दीपक कुमार देशलहरे का रायपुर से जशपुर तबादला किया गया है। उन्हें जशपुर में जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थ किया गया है।
भानु प्रताप सिंह त्यागी की भिलाई-3 में पदस्थापना
इसी क्रम में न्यायाधीश भानु प्रताप सिंह त्यागी का भी तबादला किया गया है। आदेश के अनुसार, उन्हें भिलाई-3, दुर्ग में जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उनका आदेश प्रभावी होगा।
ईशानी अवधिया की जिम्मेदारी बदली
हाईकोर्ट ने सिविल जज जूनियर डिवीजन ईशानी अवधिया की पदस्थापना में भी बदलाव किया है। वह वर्तमान में भिलाई-3, दुर्ग में द्वितीय सिविल जज जूनियर डिवीजन के पद पर कार्यरत हैं। अब उन्हें उसी स्थान पर प्रथम सिविल जज जूनियर डिवीजन के पद पर पदस्थ किया गया है।
हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद संबंधित न्यायिक अधिकारियों को निर्धारित नई जिम्मेदारियां संभालनी होंगी।






