बेमेतरा। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आज, 25 अगस्त को बेमेतरा में धरना-प्रदर्शन और बाइक रैली आयोजित करेगा। इसमें छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन, संयुक्त शिक्षक संघ और शालेय शिक्षक संघ से जुड़े पदाधिकारी, सदस्य और TET से प्रभावित शिक्षक शामिल होंगे। इससे पहले मोर्चा अपनी मांगों को लेकर 18 अगस्त को शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव और लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक को ज्ञापन सौंप चुका है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार शिक्षक कचहरी चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 3:30 बजे बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से शिक्षक कलेक्टर कार्यालय की ओर जाएंगे और मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव तथा लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।
इन पांच मांगों को लेकर शिक्षक कर रहे आंदोलन
शिक्षक संघर्ष मोर्चा की प्रमुख मांगों में 17 अगस्त 2012 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता समाप्त करना शामिल है। इसके अलावा सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए प्रथम नियुक्ति और वरिष्ठता के आधार पर समयबद्ध पदोन्नति देने की मांग की गई है।
मोर्चा संविलियन से पहले पंचायत और नगरीय निकायों में की गई पूरी सेवा अवधि को पेंशन, ग्रेच्युटी, क्रमोन्नति और समयमान वेतनमान के लिए जोड़ने की मांग भी कर रहा है। शिक्षकों की वर्षों से लंबित वेतन विसंगतियों को दूर कर केंद्रीय वेतनमान के आधार पर पुनरीक्षित वेतन निर्धारण की मांग भी आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
नए भर्ती और पदोन्नति नियमों में संशोधन की मांग
शिक्षक संगठनों ने 13 फरवरी 2026 को जारी भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में भी बदलाव की मांग की है। उनका कहना है कि शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए नियमों की विसंगतियां दूर की जानी चाहिए। इसके साथ ही पदोन्नत अथवा कार्यरत प्रशिक्षित सहायक शिक्षक, शिक्षक, प्रधान पाठक और व्याख्याताओं के लिए विभागीय स्तर पर डीएलएड और बीएड से संबंधित आवश्यक ब्रिज कोर्स आयोजित कराने की मांग रखी गई है।
धारा 144 के चलते बदला प्रदर्शन स्थल
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के बेमेतरा जिला अध्यक्ष विजय कुमार डेहरे के अनुसार, कलेक्टर कार्यालय के करीब 500 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू होने के कारण धरना स्थल में बदलाव किया गया है। अब प्रदर्शन कचहरी चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास किया जाएगा। शिक्षक संगठनों ने जिले के शिक्षक-शिक्षिकाओं से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।





