रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की द्वितीय मुख्य परीक्षा 2026 में शामिल विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। मंडल ने निर्धारित पात्रता के अनुसार परीक्षा में उत्तीर्ण और अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को स्कूलों में प्रवेश देने के निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को 27 अगस्त 2026 तक का समय दिया गया है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस संबंध में मान्यता प्राप्त स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश जारी किए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि प्रवेश देने से पहले विद्यार्थी की पात्रता की जांच करना जरूरी होगा।
13 अगस्त को घोषित हुआ था परीक्षा परिणाम
CGBSE ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी द्वितीय मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम 13 अगस्त को जारी किया था। रिजल्ट घोषित होने के बाद अब मंडल ने विद्यार्थियों के आगे के प्रवेश को लेकर स्कूलों को दिशा-निर्देश दिए हैं।
निर्देश के मुताबिक, हाईस्कूल द्वितीय मुख्य परीक्षा में शामिल उत्तीर्ण और अनुत्तीर्ण दोनों तरह के विद्यार्थियों को निर्धारित पात्रता के अनुसार प्रवेश दिया जा सकेगा।
12वीं के इन विद्यार्थियों को मिलेगा प्रवेश
हायर सेकेंडरी द्वितीय मुख्य परीक्षा में शामिल उत्तीर्ण (श्रेणी सुधार) और अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों को भी नियमानुसार प्रवेश देने की अनुमति दी गई है।
इन विद्यार्थियों के लिए प्रवेश की अंतिम तारीख 27 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
प्रवेश से पहले पात्रता की जांच जरूरी
मंडल ने स्कूल प्रबंधन और प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश देने से पहले उसकी पात्रता की अच्छी तरह जांच की जाए।
यदि कोई छात्र या छात्रा निर्धारित नियमों के अनुसार पात्र नहीं है, तो उसे प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित संस्था और प्राचार्य की होगी।
31 अगस्त तक ऑनलाइन दर्ज करनी होगी जानकारी
प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्कूलों को विद्यार्थियों की जानकारी 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करनी होगी।
इस फैसले से द्वितीय मुख्य परीक्षा में शामिल उन विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिलेगा, जो प्रवेश को लेकर असमंजस में थे।





