रायपुर। राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उनके साथ मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस दौरान रक्षाबंधन का उत्सव उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया।

कार्यक्रम में शहीद जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। इस पल पर मुख्यमंत्री भी भावुक नजर आए। उन्होंने माधुरी वर्मा को अपनी बहन बताते हुए कहा कि आज उन्हें सगी बहन से भी बढ़कर एक बहन मिली है।


स्कूली बच्चियों ने 800 जवानों की कलाई पर बांधी राखी

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्राएं भी शामिल हुईं। बच्चियों ने सीआईएसएफ, बीएसएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। जवानों ने भी बहनों की सुरक्षा का संकल्प लिया।

इस दौरान मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया गया।


CM साय बोले- जवानों ने बहनों को दिया बड़ा उपहार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि जवानों के संघर्ष और पराक्रम के कारण देश नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में मिली सफलता जवानों की ओर से बहनों को दिया गया बड़ा उपहार है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मेरी कोई सगी बहन नहीं है, हम केवल भाई-भाई हैं। आज शहीद युगल किशोर वर्मा की धर्मपत्नी माधुरी वर्मा के रूप में मुझे सगी बहन से बढ़कर एक बहन मिली है।”


छत्तीसगढ़ में 13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

सीएम साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए आगामी किस्त के रूप में 68 लाख महिलाओं के खातों में 631 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।


बस्तर में अब तेजी से होगा विकास

मुख्यमंत्री ने बस्तर के विकास को लेकर भी बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक विभिन्न परिस्थितियों के कारण बस्तर में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। सरकार बस्तर संभाग में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाएगी।

सीएम साय ने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा मजबूत होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे बस्तर के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।