रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के तालाब में मंगलवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृत युवती की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। घटनास्थल से उसका मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पुलिस मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है, ताकि परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी नॉर्थ, एसीपी उरला, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हत्या, दुर्घटना और आत्महत्या—तीनों बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।





