रायपुर। राजधानी के सरोना क्षेत्र में झपटमारी की एक घटना सामने आई है। नातिन के जन्मदिन समारोह में शामिल होने कवर्धा से रायपुर आई एक महिला का पर्स स्कूटी सवार बदमाश झपटकर फरार हो गया। पर्स में करीब 2.60 लाख रुपये के सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी रखी थी। घटना के बाद डीडी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
नातिन के जन्मदिन में आई थीं महिला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता चंद्रिका देवांगन कवर्धा जिले के देवांगन पारा की निवासी हैं। वह अपने पति अशोक कुमार देवांगन के साथ सरोना स्थित अपनी बेटी के घर नातिन के जन्मदिन समारोह में शामिल होने रायपुर आई थीं।
सरोना चौक जाते समय वारदात
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बुधवार सुबह दोनों पति-पत्नी पैदल सरोना चौक की ओर जा रहे थे, जहां से उन्हें कवर्धा के लिए वाहन पकड़ना था। इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर आए एक बदमाश ने महिला के हाथ से पर्स झपट लिया और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गया। घटना इतनी अचानक हुई कि दंपती संभल भी नहीं सके।
पर्स में थे लाखों के जेवर और मोबाइल
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पर्स में करीब 2.60 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, एक मोबाइल फोन और कुछ नकदी रखी हुई थी। झपटमारी के बाद उन्होंने तत्काल डीडी नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश
मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





