धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पूजा-पाठ और ताबीज पहनाने के बहाने महिला से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने महिला को झांसा देकर कमरे में अकेले बुलाया और उसके साथ अश्लील हरकत की। शिकायत मिलने के बाद अर्जुनी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, अर्जुनी थाना क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी प्रसाद चौरे ने पूजा-पाठ कराने और ताबीज पहनाने का बहाना बनाकर उसे कमरे में बुलाया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ गलत हरकत की। महिला के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।


मामले की शिकायत मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गेश्वर प्रसाद चौरे उर्फ मोची गब्बर (30 वर्ष), निवासी ग्राम देमार, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और सभी संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।