रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस संचालकों ने यात्री किराया बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान कर दिया है। छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से बसों का किराया नहीं बढ़ाया गया है, जबकि डीजल-पेट्रोल, टायर, बीमा, स्पेयर पार्ट्स और रखरखाव का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में बस संचालन आर्थिक रूप से मुश्किल होता जा रहा है।
महासंघ ने सरकार से साधारण बसों के किराए में कुल 75 प्रतिशत और डीलक्स बसों के किराए में 30 प्रतिशत की वृद्धि करने की मांग की है।
3 अगस्त को होगा प्रदेशव्यापी धरना
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सईद अनवर अली ने बताया कि 3 अगस्त को रायपुर सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों के बस स्टैंडों पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए सभी जिला इकाइयों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और संबंधित जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि यदि 14 अगस्त तक सरकार बस किराया बढ़ाने पर कोई निर्णय नहीं लेती है, तो महासंघ पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन बस बंद करने का फैसला लेने के लिए बाध्य होगा। ऐसी स्थिति में आम जनता को होने वाली असुविधा के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार होगी।
बढ़ती लागत से परेशान बस संचालक
बस संचालकों का कहना है कि वर्ष 2021 के बाद से यात्री किराए में कोई संशोधन नहीं किया गया है, जबकि इस दौरान डीजल-पेट्रोल की कीमतों के साथ-साथ बसों की खरीद लागत, टायर, बीमा, मरम्मत और स्पेयर पार्ट्स के दामों में लगातार बढ़ोतरी हुई है।
उनका कहना है कि बढ़ती लागत के कारण बसों का संचालन घाटे का सौदा बनता जा रहा है और मौजूदा किराए पर सेवाएं जारी रखना मुश्किल हो गया है।
25 प्रतिशत किराया कटौती का भी उठाया मुद्दा
महासंघ ने यह भी दावा किया कि पिछले वर्ष जारी एक सरकारी अधिसूचना में तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि के कारण बस किराए में 25 प्रतिशत की कमी दर्ज हो गई थी। अब संगठन की मांग है कि पहले उस कमी को समाप्त किया जाए और बढ़ी हुई परिचालन लागत को देखते हुए सामान्य बसों के किराए में कुल 75 प्रतिशत तथा डीलक्स बसों के किराए में 30 प्रतिशत की वृद्धि की जाए।
सरकार से जल्द निर्णय की मांग
महासंघ ने राज्य सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। संगठन का कहना है कि यदि समय रहते मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिससे प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।





