रायपुर। फ्रेंडशिप डे (2 अगस्त) से पहले राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर एक कथित प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्टर में ₹4,999 की एंट्री फीस, मॉडल्स और अभिनेत्रियों से इंटरैक्शन, बीयर-ड्रिंक्स, म्यूजिक और प्राइवेट पूल पार्टी जैसे आकर्षक दावे किए गए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आयोजन स्थल की जानकारी केवल भुगतान के बाद देने की बात कही गई है। इसे लेकर संदिग्ध गतिविधियों की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने जांच शुरू कर दी है।
पोस्टर में किए गए कई बड़े दावे
जानकारी के अनुसार, वायरल पोस्टर में "Exclusive Private Premium Pool Party" नाम से कार्यक्रम का प्रचार किया गया है। इसमें "Limited Guests Only" लिखकर सीमित लोगों को ही शामिल करने की बात कही गई है। पोस्टर में दावा किया गया है कि पार्टी में खूबसूरत मॉडल्स और अभिनेत्रियों से मिलने और बातचीत करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा बीयर व अन्य ड्रिंक्स, स्वादिष्ट भोजन, प्राइवेट स्विमिंग पूल और लाइव म्यूजिक की भी सुविधा बताई गई है।
भुगतान के बाद बताई जाएगी लोकेशन
वायरल पोस्टर कथित तौर पर इंस्टाग्राम आईडी "ritika18789" से साझा किया गया है। इसमें बुकिंग के लिए इंस्टाग्राम पर डायरेक्ट मैसेज (DM) करने को कहा गया है। पोस्टर के मुताबिक, ₹4,999 की एंट्री फीस जमा करने के बाद ही आयोजन स्थल की जानकारी दी जाएगी, जिससे पूरे आयोजन को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
हाईप्रोफाइल लोगों के शामिल होने की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, इस कथित प्राइवेट पूल पार्टी का आयोजन शहर के किसी बड़े रिसॉर्ट में किए जाने की तैयारी थी। चर्चा है कि कुछ हाईप्रोफाइल परिवारों से जुड़े लोग भी इसमें शामिल होने वाले थे। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर की तकनीकी और तथ्यात्मक जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस प्रकार की प्राइवेट पार्टियों के आयोजन के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





