रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सूपा में 41 वर्षीय रूप कुंवर महंत की फावड़े से हमला कर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने उसके पति अमृत लाल महंत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, खाना बनाने और रिश्तेदार के घर जाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी की भी तबीयत बिगड़ गई थी। अस्पताल में उपचार के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


ड्यूटी से घर लौटा बेटा तो अचेत मिली मां

पुलिस के मुताबिक, ग्राम सूपा निवासी सूरज दास महंत (25 वर्ष) ने 11 अक्टूबर को पुसौर थाने में घटना की सूचना दी थी। उसने बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे वह अदाणी प्लांट से ड्यूटी कर घर पहुंचा था।

घर के बरामदे में उसकी मां रूप कुंवर महंत अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उनके कान से खून निकल रहा था और दोनों हाथों पर चोट के निशान थे। वहीं, पिता अमृत लाल महंत भी मौके पर मौजूद थे।

घटना के बारे में पूछने पर पिता से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने के बाद सूरज ने परिजनों और पड़ोसियों को बुलाया।


अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजन घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक रक्तस्राव से मौत होने की पुष्टि हुई।

इसके बाद पुसौर पुलिस ने अपराध क्रमांक 258/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


खाना बनाने को लेकर हुआ था पति-पत्नी में विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी अमृत लाल महंत ने कथित तौर पर बताया कि घटना की रात उसकी पत्नी ने खाना बनाने से इनकार कर दिया था। वह ग्राम रैबार स्थित रिश्तेदार के घर जाने की बात कह रही थी।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने फावड़े से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण महिला की मौत हो गई।


घटनास्थल से फावड़ा और लकड़ी का डंडा जब्त

घटना की जानकारी मिलने पर पुसौर थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान घर की दीवारों, फर्श और कपड़ों पर खून के निशान मिले। पुलिस ने घटनास्थल से फावड़ा और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया।

प्रारंभिक जांच में घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी की जानकारी नहीं मिली थी।


तबीयत बिगड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती था आरोपी

वारदात के बाद आरोपी अमृत लाल महंत की तबीयत बिगड़ गई थी। रक्तचाप बढ़ने के कारण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान पुलिस उसकी निगरानी कर रही थी। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

इसके बाद आवश्यक साक्ष्य जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


घरेलू हिंसा के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद के दौरान हिंसा करने और गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

फिलहाल आरोपी पति को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।