खैरागढ़। नगरपालिका चुनाव की तैयारियों के बीच खैरागढ़ का सियासी माहौल गरमाने लगा है। दिसंबर में प्रस्तावित चुनाव को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस में टिकट के लिए दावेदार सक्रिय हो गए हैं। संभावित प्रत्याशी जनसंपर्क और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं।
विकास के मुद्दों पर होगी चुनावी चर्चा
शहर की बदहाल सड़कें, पेयजल समस्या, सफाई व्यवस्था और अधूरे निर्माण कार्य इस बार चुनाव के प्रमुख मुद्दे बन सकते हैं। करीब 37 करोड़ रुपये की जल आवर्धन योजना अब तक पूरी नहीं हो सकी है। वहीं, बाईपास निर्माण और एडवर्ड चिल्ड्रन पार्क की भूमि से जुड़े विवाद भी चर्चा में हैं।
नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल
बिजली बिल के तीन करोड़ रुपये से अधिक के बकाये के अलावा सामग्री खरीदी, दुकान नीलामी और निविदाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
टिकट को लेकर बढ़ी राजनीतिक हलचल
भाजपा से शिवांगी सिंह, नीलिमा गोस्वामी और सुकृति सिंह के नाम चर्चा में हैं। वहीं, कांग्रेस से श्रुति सिंह और सुमन पटेल को संभावित दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, दोनों दलों की ओर से प्रत्याशियों के नामों पर आधिकारिक मुहर लगना बाकी है।
चुनावी सरगर्मी के बीच नागरिकों की निगाहें राजनीतिक दलों की घोषणाओं और शहर के विकास को लेकर प्रस्तुत की जाने वाली कार्ययोजनाओं पर टिकी हैं।





