रायपुर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर राजधानी के महादेव घाट में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंगलवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल महादेव घाट पहुंचे, जहां उन्होंने खारुन नदी में आस्था की डुबकी लगाई। अपनी वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए बघेल ने गुलाटी लगाकर नदी में स्नान किया।
इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने दीपदान कर भगवान हटकेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
खारुन के तट पर उमड़े श्रद्धालु
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर तड़के से ही महादेव घाट में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने खारुन नदी में स्नान कर दीपदान किया और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
तीन दिवसीय पुन्नी मेले की शुरुआत
महादेव घाट में पारंपरिक तीन दिवसीय कार्तिक पुन्नी मेले का आयोजन भी मंगलवार से शुरू हो रहा है। यह मेला छत्तीसगढ़ की धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने अपने स्नान का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा किया है।





