रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने अपने महिला संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मंजूरी के बाद 17 जिला इकाइयों में नई अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही प्रदेश संगठन में सात उपाध्यक्ष और छह महासचिव बनाए गए हैं। कुल 30 महिला नेत्रियों को संगठन में नई जिम्मेदारी दी गई है।

रायपुर और बिलासपुर में बदला नेतृत्व

रायपुर शहर महिला कांग्रेस की कमान प्रगति बाजपेयी को सौंपी गई है, जबकि ग्रामीण इकाई की जिम्मेदारी बरखा साहू को दी गई है। वहीं, बिलासपुर शहर में प्रीति पाटनवार और ग्रामीण क्षेत्र में सीमा पांडेय को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इसी तरह दुर्ग शहर में प्रेमलता साहू, दुर्ग ग्रामीण में योगिता चंद्राकर, रायगढ़ में संगीता गुप्ता और कवर्धा में अन्नपूर्णा चंद्राकर को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नियुक्तियों में दिखा सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन

महिला कांग्रेस की नई सूची में सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधित्व को स्थान दिया गया है। खास तौर पर रायपुर और बिलासपुर की नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक हलकों में सामाजिक एवं क्षेत्रीय समीकरणों की चर्चा हो रही है।

2028 के चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारी

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के महिला संगठन में हुए इस बदलाव को संगठनात्मक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। नई पदाधिकारियों के सामने बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और आम महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की चुनौती होगी।