रायपुर। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अमित बघेल की जेल से रिहाई के बाद प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। सोमवार को जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकाला।
रिहाई के पश्चात अमित बघेल महतारी अंगना पहुंचे और छत्तीसगढ़ महतारी की आरती कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा
अमित बघेल ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए छत्तीसगढ़िया समाज के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़िया समाज सत्ता परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही अदाणी के खिलाफ आंदोलन छेड़ने की घोषणा भी की।
आंदोलन की तैयारियों में जुटेगी पार्टी
बघेल ने कहा कि आगामी दिनों में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की गतिविधियों और भविष्य के आंदोलनों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बता दें कि विवादित बयान मामले में अमित बघेल के विरुद्ध कई राज्यों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें जेल से रिहाई मिली है।





