रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 26 नवंबर, गुरुवार को राजधानी रायपुर में जनदर्शन के माध्यम से आमजन से रूबरू होंगे। सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाले नागरिक अपनी समस्याओं और मांगों को सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे। मुख्यमंत्री लोगों की शिकायतें सुनेंगे और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देंगे।
जनदर्शन के माध्यम से शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ ही शासकीय योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर रहेगा। नागरिक अपनी शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत कर सकेंगे।





