कोरबा। जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिलगा के जंगल में हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। गुस्साए हाथी ने ट्रैक्टर को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, जिलगा के जंगल में 11 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इसी दौरान ग्रामीण ट्रैक्टर में सवार होकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने पहुंचे थे। तभी दल में शामिल एक हाथी आक्रामक हो गया और ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
घटना के समय हाथी निगरानी दल समेत वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों को हाथियों के इतने करीब जाने से नहीं रोकने पर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने, हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और स्वयं उन्हें भगाने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। लगातार हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में भय का वातावरण बना हुआ है।





