बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक हिस्ट्रीशीटर की खुलेआम गुंडागर्दी से चांदनी चौक इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आरोपी ने हाथ में लोहे की रॉड लेकर सड़क पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उसने राहगीरों को डराया और दौड़ाया। इतना ही नहीं, सड़क किनारे खड़ी कार और मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

बीच सड़क पर मचाया बवाल, लोगों में फैली दहशत

जानकारी के मुताबिक, चांदनी चौक क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर भूपेंद्र दुबे उर्फ पंडा अचानक आक्रामक हो गया। वह लोहे की रॉड लेकर सड़क पर हंगामा करने लगा। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोगों को भी उसने निशाना बनाया। आरोपी के उत्पात से आसपास मौजूद लोग भयभीत हो गए।

पुलिस पहुंची, फिर भी नहीं थमा हंगामा

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों के सामने भी आरोपी बहस और गाली-गलौज करता रहा। टीम ने उसका नाम-पता दर्ज किया और वहां से लौट गई। इसके बाद भी आरोपी का हंगामा जारी रहने की बात सामने आई।

सोशल मीडिया पर तीन वीडियो वायरल

घटना के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में युवक की आक्रामक गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

एसएसपी के निर्देश पर आरोपी हिरासत में

वायरल वीडियो और घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर भूपेंद्र दुबे उर्फ पंडा को हिरासत में लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।