अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के टोकरो गांव में मंगलवार को एक चौकीदार का शव तालाब के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस सभी पहलुओं से पड़ताल कर रही है।
मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30), पिता जलसिंग सिदार, निवासी ग्राम तोरला, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पिछले करीब छह महीने से टोकरो गांव स्थित तालाब की चौकीदारी का कार्य कर रहा था।
तालाब किनारे मिला शव, ग्रामीणों में चर्चा का माहौल
मंगलवार सुबह परमेश्वर सिदार का शव तालाब के पास पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए स्थानीय लोग हत्या की आशंका भी जता रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद अभनपुर थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





