रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार, 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दौरे पर रहेंगे। वे एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एयरपोर्ट से एम्स तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर मॉकड्रिल और रिहर्सल की गई है।

सुबह 10 बजे पहुंचेंगे रायपुर

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सुबह करीब 10 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां से वे एम्स रायपुर के लिए रवाना होंगे और करीब 10:45 बजे एम्स परिसर पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे से एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। केंद्र सरकार के आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भी समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।

दोपहर 1:30 बजे दिल्ली के लिए होंगे रवाना

दीक्षांत समारोह के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर करीब 12:30 बजे एम्स से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद करीब 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। उपराष्ट्रपति के पूरे दौरे के लिए प्रशासन ने मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार किया है।

एयरपोर्ट से एम्स तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम

उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। एयरपोर्ट से एम्स तक निर्धारित रूट पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर रिहर्सल तथा मॉकड्रिल की गई है। पुलिस अधिकारियों और जवानों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

मुख्य सचिव कर चुके हैं तैयारियों की समीक्षा

दौरे से पहले सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और प्रोटोकॉल सहित अन्य व्यवस्थाओं की उच्च स्तर पर समीक्षा की जा चुकी है। मुख्य सचिव विकास शील ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी जरूरी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने एयरपोर्ट, कार्यक्रम स्थल और आवागमन के मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है।