रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत प्रदेश सरकार के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से उपराष्ट्रपति सीधे एम्स रायपुर के लिए रवाना हुए, जहां वे संस्थान के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। वे सुबह 10:45 बजे एम्स परिसर पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे से आयोजित तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होकर विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगे।

दोपहर में दिल्ली के लिए होंगे रवाना

दीक्षांत समारोह के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर करीब 12:30 बजे एम्स से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद करीब 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, एम्स के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, एम्स गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक, एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल और पीएमएसएसवाई के निदेशक सचिन कुमार भी मौजूद रहेंगे। राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रिंग रोड नंबर-1 पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और वीआईपी मूवमेंट वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

एम्स में मरीजों के लिए बदली प्रवेश व्यवस्था

वीआईपी मूवमेंट के कारण एम्स रायपुर में प्रवेश व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। नियमित ओपीडी में आने वाले मरीज गेट नंबर-1 और गेट नंबर-3 से आवागमन कर सकेंगे। ट्रामा और इमरजेंसी सेवाओं के लिए पहले की तरह गेट नंबर-2 का उपयोग किया जाएगा।

वहीं गेट नंबर-4 और गेट नंबर-5 को 2 सितंबर की सुबह से वीआईपी मूवमेंट के चलते आम नागरिकों के लिए बंद रखा गया है। मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी से बचाने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने वैकल्पिक प्रवेश मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।