रायपुर। राजधानी रायपुर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस और यातायात मुख्यालय की संयुक्त टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक मोपेड और एक बाइक बरामद की है। कार्रवाई में कोतवाली थाना के प्रधान आरक्षक संदीप तिवारी और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख आमिर (20 वर्ष) पिता मोहम्मद आबिद, निवासी संजय नगर ख्वाजा गली, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से यातायात मुख्यालय परिसर से चोरी हुई स्कूटी क्रमांक MH 49 S 2632 बरामद की गई। इस संबंध में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 280/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मामला दर्ज है।

जांच के दौरान आरोपी के पास से थाना डीडी नगर क्षेत्र से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MQ 9970 भी बरामद की गई। इस मामले में थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 460/25 के तहत धारा 303(2) में पहले से प्रकरण दर्ज है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी चोरी किए गए वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखता था और अवसर मिलने पर उनका उपयोग करता था। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। अब उससे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश गहरवार, प्रधान आरक्षक संदीप तिवारी, आरक्षक अनिल सिंह राजपूत, हरीश ठाकुर, मुरली यादव और खेमलाल कौशिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई इस संयुक्त कार्रवाई को वाहन चोरी के मामलों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।