गोबरा नवापारा (रायपुर)। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत की गई पुलिस कार्रवाई के दौरान गुरुवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस अपराधी लल्ला सोनवानी के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई कर रही थी। वह आबकारी अधिनियम से जुड़े एक मामले में जेल में बंद था। जेल से रिहा होते ही पुलिस ने उसे रासुका के तहत निरुद्ध करने की प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आरोपी के परिजन मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया। इस दौरान माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस जब आरोपी को वाहन में लेकर रवाना हुई तो उसके परिजनों ने वाहन का पीछा किया और रास्ते में कार्रवाई प्रभावित करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लल्ला सोनवानी सहित विरोध कर रहे सभापति और उसके कुछ परिजनों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद आरोपियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच थाना और चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को धमकी दी और पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की। मामले में शासकीय कार्य में बाधा, पुलिस से अभद्रता, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अलग से प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नगर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर कानून-व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।