20 वर्षीय युवक की जेल में बिगड़ी थी तबीयत, सिम्स अस्पताल में हुई मौत; परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने का लगाया आरोप

बिलासपुर, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की बिलासपुर केंद्रीय जेल में विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में करीब एक साल बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। न्यायिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 104 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला 20 वर्षीय कन्हैया सोनी की मौत से जुड़ा है।


दो महीने बाद जेल में बिगड़ी थी युवक की तबीयत

जानकारी के अनुसार, मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी अंतर्गत ग्राम बिनैका निवासी कन्हैया सोनी को 19 मार्च 2025 को एक आपराधिक मामले में न्यायिक हिरासत में बिलासपुर केंद्रीय जेल भेजा गया था।

इसके करीब दो महीने बाद 18 और 19 मई की दरमियानी रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।


न्यायिक जांच रिपोर्ट में सामने आई महत्वपूर्ण जानकारी

बंदी की मौत के बाद मामले की न्यायिक जांच कराई गई थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने 16 फरवरी 2026 को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।

रिपोर्ट में पेट पर बाहरी चोट और आंतरिक अंगों से जुड़ी चिकित्सकीय जटिलताओं के कारण ब्रेन हेमरेज होने की बात सामने आई। इसके बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठने लगे।


परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के पिता नारायण सोनी ने न्यायिक जांच के दौरान बताया कि मौत से कुछ दिन पहले परिवार के सदस्य कन्हैया से जेल में मिले थे। उस समय उसकी तबीयत ठीक थी।

परिजनों का आरोप है कि सिम्स की मरच्युरी में शव देखने पर शरीर के कुछ हिस्सों में काले निशान दिखाई दिए थे। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने जेल प्रशासन से घटना की जानकारी और सीसीटीवी फुटेज मांगे, तो कैमरे खराब होने की बात कही गई।


अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, जांच शुरू

न्यायिक जांच रिपोर्ट के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 104 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बंदी को चोट कैसे लगी, मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। इन सवालों का जवाब विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।