रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा रोड पर मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम की जान चली गई। निजी स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बस्तीवासी विधानसभा थाना पहुंच गए। लोगों ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल बस के चालक और परिचालक (कंडक्टर) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही उपलब्ध साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।





