बलौदाबाजार। जिले में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाइक सवार दोनों युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और दोनों युवक करीब 200 मीटर तक वाहन के साथ घिसटते चले गए। हादसे के बाद कैप्सूल वाहन भी अनियंत्रित होकर पलट गया।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम संडी स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में कार्यरत सत्यप्रकाश सोनवानी (34) और गोपी किशन आडिल (25) दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से बलौदाबाजार स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक और उनकी बाइक करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटते रहे। इसके बाद कैप्सूल वाहन भी संतुलन खोकर लगभग 200 मीटर आगे जाकर पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।