रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में बन रहे मौसमी सिस्टम के प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। (I

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसानों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही खेतों में कार्य करने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की सक्रियता बढ़ने से प्रदेश के अधिकांश जिलों में आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आ सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने और उमस से राहत मिलने की संभावना है।