रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर के आसपास बने नए मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल, बारिश की संभावना
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने के आसार हैं। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ बादल गरजने, बिजली चमकने और वज्रपात की आशंका भी बनी हुई है। आगामी दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है।
22 सितंबर तक डीप डिप्रेशन बनने की संभावना
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 21 सितंबर को डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम 23 सितंबर की सुबह तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के करीब पहुंच सकता है।
रविवार को भी कई स्थानों पर हुई बारिश
रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर तेज वर्षा भी हुई। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि पेंड्रा रोड में 20.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। छिंदगढ़ में 7 मिमी, तोंगपाल और छोटेडोंगर में 6-6 मिमी तथा नांगर और सुकमा में 5-5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।





