रायपुर। प्रदेश के शासकीय कॉलेजों में लंबे समय से खाली पड़े सहायक प्राध्यापकों के पदों को भरने की तैयारी तेज हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग करीब 700 सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। विभाग ने विषयवार रिक्तियों का ब्यौरा तैयार कर लिया है और जल्द ही भर्ती के लिए प्रस्ताव संबंधित एजेंसी को भेजा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होगी। वर्तमान में कई महाविद्यालयों में नियमित शिक्षकों के अभाव में अतिथि व्याख्याताओं के भरोसे पढ़ाई संचालित हो रही है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
विभाग का कहना है कि नए शिक्षकों की नियुक्ति से स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में नियमित पढ़ाई सुनिश्चित होगी। भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण नियमों और विषयवार रिक्तियों का भी ध्यान रखा जाएगा। प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के बाद भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी किया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग का उद्देश्य आगामी शैक्षणिक सत्र में अधिक से अधिक पदों पर नियुक्ति कर कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करना है। भर्ती से युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने के साथ ही उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होने की उम्मीद है।





