पेंड्रा, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर अमरपुर के पास हार्वेस्टर और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार युवक और युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
टक्कर इतनी भीषण कि हार्वेस्टर में फंस गया युवक
जानकारी के मुताबिक, अमरपुर के पास बाइक को हार्वेस्टर ने टक्कर मार दी। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि युवक मशीन में फंस गया, जबकि युवती टक्कर लगने से दूर जा गिरी। गंभीर चोटों के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घाटबहरा का रहने वाला था मृतक युवक
मृतक युवक की पहचान घाटबहरा के खुसरोपारा निवासी मुकेश पोर्ते के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाली युवती दुलरिया बस्ती की निवासी बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया।
पुलिस ने हार्वेस्टर किया जब्त, चालक की तलाश
हादसे की सूचना पर पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हार्वेस्टर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।





