रायपुर। राजधानी के लाभांडी क्षेत्र में गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान सेंट जेवियर्स स्कूल और रायन इंटरनेशनल स्कूल के कुछ छात्रों के वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुछ छात्रों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, कई छात्र बिना आवश्यक दस्तावेजों के वाहन चलाते मिले, जबकि कुछ मामलों में अन्य यातायात नियमों का भी उल्लंघन सामने आया। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने संबंधित छात्रों के अभिभावकों को मौके पर बुलाया।
पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों और छात्रों को सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि कम उम्र में बिना वैध अनुमति वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
समझाइश के बाद छात्रों को उनके अभिभावकों के साथ जाने की अनुमति दी गई। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें और सुनिश्चित करें कि सड़क पर निकलने वाले सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।





