अभनपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो में चौकीदार परमेश्वर सिदार की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 की सुबह ग्राम टोकरो के छांटा तालाब के पास चौकीदार परमेश्वर सिदार का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक के गले पर दबाव के निशान पाए गए, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। इसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, ग्रामीणों से पूछताछ की और तकनीकी व परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। जांच का दायरा बढ़ाने पर संदेह मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और अक्सर उसके चरित्र पर संदेह कर मारपीट करता था। महिला का आरोप है कि 3 अगस्त की रात उसने पति को अपनी ही बच्ची के साथ आपत्तिजनक हरकत करने की कोशिश करते देखा। यह देखकर वह आक्रोशित हो गई और अपनी साड़ी के पल्लू से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद महिला ने खुद को बचाने के लिए शव को घर के बाहर रख दिया। फिर घर के अंदर चली गई और दरवाजे को इस तरह बंद किया कि बाहर से बंद होने का आभास हो। सुबह लोगों की आवाजाही शुरू होने पर उसने अंदर से शोर मचाया। ग्रामीण मनीराम साहू ने दरवाजा खोला तो महिला रोने-बिलखने लगी और अनजान बनने का प्रयास किया। इसके बाद ग्रामीणों ने सरपंच और कोटवार को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुलिस का कहना है कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 5 अगस्त 2026 को तिजियाबाई सिदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।