मुंबई। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और विदेशी निवेशकों की बिकवाली का असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला। सोमवार को बाजार में चौतरफा बिकवाली के चलते सेंसेक्स 1,124 अंक गिर गया, जबकि निफ्टी में 360 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

बाजार में आई इस तेज गिरावट से निवेशकों की संपत्ति में एक ही दिन में करीब 8.77 लाख करोड़ रुपये की कमी आई। बीएसई सेंसेक्स गिरकर करीब छह महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 22,800 अंक के नीचे फिसल गया।


इन कारणों से बाजार पर बढ़ा दबाव

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से निवेशकों की चिंता बढ़ी है। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली, डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया।

एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों ने भी भारतीय बाजार पर दबाव बढ़ाया। कारोबार के दौरान बैंकिंग, मेटल, दैनिक उपयोग की वस्तुओं, तेल एवं गैस और ऑटो सेक्टर के शेयरों में बिकवाली देखने को मिली।

विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव बने रहने तक शेयर बाजार में अस्थिरता जारी रह सकती है।