रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिवाली के मौके पर शराब की बिक्री ने पिछले साल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। त्योहार के दौरान प्रदेशभर की शराब दुकानों में जमकर खरीदारी हुई। महज पांच दिनों में 54.60 करोड़ रुपये से अधिक की शराब बिक गई। पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले इस बार बिक्री में करीब 7.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
विदेशी शराब की रही सबसे ज्यादा मांग
आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 5 से 9 नवंबर के बीच प्रदेश में कुल 54 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक की शराब का कारोबार हुआ। इसमें विदेशी शराब की बिक्री सबसे अधिक रही। विदेशी स्पिरिट से करीब 29.66 करोड़ रुपये, देशी शराब से 19.55 करोड़ रुपये और माल्ट श्रेणी से लगभग 5.38 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया।
पिछले साल से करीब चार करोड़ रुपये अधिक बिक्री
बीते वर्ष इसी अवधि में लगभग 50.65 करोड़ रुपये की शराब बेची गई थी। इस बार यह आंकड़ा करीब 3.95 करोड़ रुपये बढ़ गया। त्योहार के शुरुआती दिन बिक्री में मामूली गिरावट रही, लेकिन इसके बाद शराब की खरीदारी में तेजी देखने को मिली।
आखिरी दिन बिक्री में सबसे ज्यादा उछाल
आंकड़ों के अनुसार, 9 नवंबर को शराब की बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 12.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह पांच दिनों के दौरान सबसे अधिक बढ़ोतरी रही। वहीं, 6 से 8 नवंबर के बीच भी बिक्री में लगातार इजाफा हुआ।
दिवाली के दौरान सामने आए इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि प्रदेश में त्योहारी सीजन के बीच शराब की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।





