गरियाबंद। ओडिशा से कारों में गांजे की खेप छिपाकर महाराष्ट्र ले जा रहे तीन तस्करों को गरियाबंद पुलिस ने धर दबोचा। देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो कारों से 48.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया। मामले में दो कारें और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 31.31 लाख रुपये बताई गई है, जिसमें गांजे का मूल्य लगभग 24 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस के अनुसार 29 और 30 जून 2026 को मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए खुटगांव चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रहे दो संदिग्ध चारपहिया वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।
दो कारों से मिली 48.300 किलो गांजे की खेप
पहली कार्रवाई में कार क्रमांक CG 08 AA 2218 की डिक्की में रखी प्लास्टिक की बोरी से 8.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
इसके बाद दूसरी कार्रवाई में मारुति रिट्ज (MH 51 A 2012) की तलाशी के दौरान वाहन में रखी दो प्लास्टिक की बोरियों से 40.200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि गांजे को इस तरह छिपाकर रखा गया था कि सामान्य जांच में आसानी से पकड़ में न आए।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में जितेंद्र बोलकेकर (41) निवासी नेवरे (दुर्ग), परसू राम पोड़ (35) निवासी ग्राम आरस्ता, जिला सांगली (महाराष्ट्र) और पंकज वाघमोडे (34) निवासी कोकलेरू, जिला सांगली (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ देवभोग थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद गांजे के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।





