रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेन समाज को सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कारों की मजबूत कड़ी बताते हुए समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। रायपुर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने सेन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने नवा रायपुर में संत शिरोमणि सेन महाराज के नाम पर एक चौक का नामकरण करने का ऐलान किया।


सेन समाज ने सामाजिक परंपराओं को मजबूत किया: CM साय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। जन्म से लेकर विवाह और जीवन के अंतिम संस्कार तक समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सेन समाज ने अपनी सेवाओं के माध्यम से सामाजिक व्यवस्था, संस्कार और समरसता को मजबूत करने का काम किया है।

उन्होंने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका सेन समाज से होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। उनके सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए कार्य आज भी प्रेरणादायी हैं।


नवा रायपुर में सेन महाराज के नाम पर होगा चौक

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि संत शिरोमणि सेन महाराज के नाम पर नवा रायपुर में एक चौक का नामकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नामकरण से संबंधित प्रक्रिया के लिए समिति बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने सेन समाज की अन्य मांगों पर भी गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिलाया।


सामुदायिक भवन के लिए मिलेंगे 50 लाख रुपये

सेन समाज को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।


केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज के कल्याण के उद्देश्य से पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन किया गया था। पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सैलून किट, कुम्हारों को बैटरी चालित चाक और बढ़ई समाज को कारपेंट्री किट जैसी पहल की गई थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब केश शिल्प कल्याण बोर्ड को युवा नेतृत्व मिला है और गौरीशंकर श्रीवास के नेतृत्व में समाज के हित में काम आगे बढ़ने की उम्मीद है।


विश्वकर्मा योजना से पारंपरिक कारीगरों को मिल रहा लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारंपरिक हुनर और श्रम को सम्मान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के जरिए पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और ऋण सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने और बकाया बोनस देने की बात भी उन्होंने कही।

उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 70 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। रामलला दर्शन योजना के जरिए 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन कर चुके हैं।


रोजगार और निवेश पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री के मुताबिक, विभिन्न सरकारी विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है और शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। नई औद्योगिक नीति के जरिए करीब डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने प्रदेश को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलने की बात भी कही।


80 हजार घरों में सोलर सिस्टम लगाने का दावा

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 80 हजार घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इनमें लगभग 40 हजार घरों का बिजली बिल शून्य आने की बात उन्होंने कही।


सेवा सेतु और CM हेल्पलाइन 1076 की दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों को सरकारी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए नागरिक अपनी समस्याओं और शिकायतों को दर्ज करा सकते हैं।


डॉ. रमन सिंह बोले– समाज की महत्वपूर्ण भूमिका

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सेन समाज को सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी बताया। उन्होंने कहा कि सेन समाज के लोगों की जन्म, विवाह और अन्य संस्कारों में सदियों से महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने गौरीशंकर श्रीवास और विधायक रिकेश सेन के सामाजिक योगदान का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सेन शक्ति सम्मेलन सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक है। उन्होंने सेन समाज के युवाओं के कौशल विकास के लिए नए प्रशिक्षण और ट्रेड जोड़ने के सुझाव देने का आग्रह किया।