धमतरी। जिले के कोलियारी स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्कूल परिसर में बिखरी शराब की टूटी बोतल से एक छात्र घायल हो गया, जिससे ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने संबंधित प्राचार्य को कारण बताओ (शोकॉज) नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है।

पूरी खबर

जानकारी के अनुसार, कोलियारी स्थित विद्यालय परिसर लंबे समय से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शाम होते ही स्कूल परिसर में शराबखोरी होती है। इसके अलावा चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी लगातार सामने आती रही हैं। परिसर में शराब की खाली और टूटी बोतलें पड़ी रहती हैं, जिनमें से एक के कांच से एक मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो परिसर की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया और न ही इस मामले में प्राचार्य ने कोई स्पष्ट जवाब दिया। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और विद्यालय परिसर को असामाजिक गतिविधियों से मुक्त कराने की मांग की है।

मामले ने तूल पकड़ने के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। कलेक्टर ने घटना को गंभीर बताते हुए संबंधित प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन की कार्रवाई के बाद विद्यालय परिसर सुरक्षित बन पाएगा या नहीं, ताकि विद्यार्थियों को भयमुक्त और सुरक्षित माहौल मिल सके।