महासमुंद। नगर पालिका महासमुंद में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का काम करने वाली स्वच्छता दीदियों ने मिशन क्लीन सिटी प्रभारी पर अभद्र व्यवहार और मनमानी करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। स्वच्छता दीदियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नवशाद बक्श को पद से हटाने की मांग की। महिलाओं का कहना है कि मांग पूरी होने तक वे काम पर नहीं लौटेंगी। वहीं नगर पालिका के सीएमओ ने आरोपों को निराधार बताया है।

छुट्टी मांगने पर दुर्व्यवहार का आरोप

स्वच्छता दीदियों का आरोप है कि मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नवशाद बक्श महिला कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हैं। व्यक्तिगत या स्वास्थ्य संबंधी कारणों से छुट्टी मांगने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है और उन्हें अपमानित किया जाता है।

महिलाओं का कहना है कि काम के दौरान किसी तरह की परेशानी सामने आने पर समाधान करने के बजाय कथित तौर पर मनमाना रवैया अपनाया जाता है। उन्होंने काम से निकालने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।

आठ घंटे की जगह 10 से 12 घंटे काम कराने का आरोप

स्वच्छता दीदियों के मुताबिक उनका मुख्य काम घर-घर जाकर कचरा संग्रहण करना है, लेकिन उनसे इसके अलावा अन्य कार्य भी कराए जा रहे हैं। आरोप है कि निर्धारित आठ घंटे के बजाय कई बार 10 से 12 घंटे तक काम कराया जाता है।

महिलाओं का दावा है कि अतिरिक्त काम करने से इनकार करने पर एक दिन का वेतन काटने की बात कही जाती है। इन परिस्थितियों को लेकर स्वच्छता दीदियों में नाराजगी है।

प्रभारी को हटाने तक काम पर नहीं लौटने की बात

स्वच्छता दीदियों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मिशन क्लीन सिटी प्रभारी को हटाया नहीं जाता, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगी। महिलाओं ने ज्ञापन के माध्यम से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग भी की है।

सीएमओ ने आरोपों को बताया निराधार

इधर, नगर पालिका के सीएमओ ने स्वच्छता दीदियों की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि महिलाओं की मांगों को लेकर पहले ही बातचीत की जा चुकी है और नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई है।

मणिकंचन केंद्र में कैमरे लगाए जाने को लेकर उठाए गए सवालों पर सीएमओ ने कहा कि कैमरे स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा के उद्देश्य से लगाए गए हैं। कैमरों से संबंधित आरोप सही नहीं हैं।

फिलहाल स्वच्छता दीदियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रभारी को हटाने की मांग की है। अब इस मामले में नगर पालिका और जिला प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।