रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बर्थडे पार्टी के दौरान देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस से कथित धक्का-मुक्की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में कोतवाली थाना पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रात करीब तीन बजे पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, देर रात करीब तीन बजे तेज आवाज में डीजे बजने की शिकायत मिली थी। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पार्टी में मौजूद लोगों को ध्वनि का स्तर कम रखने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की समझाइश देकर लौट गई।
दोबारा तेज आवाज में बजा डीजे
कुछ देर बाद फिर से तेज आवाज में डीजे बजने की शिकायत पुलिस को मिली। इस पर पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची, जहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई और विवाद बढ़ गया।
पुलिसकर्मियों से अभद्रता का आरोप
पुलिस का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
गैर-जमानती धाराओं में दर्ज हुआ मामला
कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक शांति भंग करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





